जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में सीधे तौर पर प्रोडक्शन से नहीं जुड़े कर्मचारियों को प्रोडक्शन से जोड़ने की कवायद चल रही है. इस कड़ी में कंपनी में कर्मचारियों के लिए क्रेन ऑपरेशन में काम करने के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया है. इसके लिए कर्मचारी 15 जून तक अपना आवेदन भर सकते है. जो लोग इसके लिए चयनित होंगे, उनको ट्रेनिंग दी जायेगी और ट्रेनिंग देने के बाद उनका पोस्टिंग की जायेगी. इसके लिए कर्मचारियों की ट्रेनिंग देने के बाद क्रेन ऑपरेशन के रोल में उनका इस्तेमाल किया जायेगा. टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट, ट्यूब डिवीजन के वर्क्स और नान वर्क्स के ब्लॉक 1 और ब्लॉक 2 के कर्मचारी इसके लिए आवेदन कर सकते है. चयनित कर्मचारियों को काम के आधार पर ट्रेनिंग दी जायेगी. इसके अलावा प्रैक्टिकल और स्किल डेवलमेंट की ट्रेनिंग दी जायेगी. ट्रेनिंग पूरी करने वाले कर्मचारियों को क्रेन ऑपरेशन में जमशेदपुर प्लांट में लगाया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
इसमें जिनकी बहाली होगी, उनको प्रोमोशन मिलेगा. ब्लॉक वन के कर्मचारी को वाइ टाइम क्रेन पोजिशन दिया जायेगा. इसके अलावा कर्मचारियों का इंसेंटिव बोनस मिलेगा और वे लोग डिपार्टमेंट वाइज इंसेंटिव बोनस (डीडब्ल्यूआइबी) लेने के हकदार हो जायेंगे. कर्मचारी जो इसका लाभ उठायेंगे, उनका वर्तमान वेतन सालाना और मासिक वेतनमान पूरी तरह प्रोटेक्टेड रहेगा. इसका चयन करने वाले का बेहतर भविष्य रहेगा और लंबे समय तक स्थायित्व नौकरी में रहेगी.







