जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश इंटक के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने शुक्रवार को झारखंड की राजधानी में कांग्रेस नेता एवं झारखंड सरकार के मंत्री आलमगीर आलम, विधायक इरफान अंसारी, विधायक अम्बा प्रसाद एवं अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की. श्री पांडेय ने सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ इंटक संगठन को सुदृढ़ बनाने के सम्बन्ध में विस्तार से चर्चा की. श्री पांडेय ने मंत्री आलमगीर आलम एवं इरफान अंसारी चर्चा करते हुए कहा कि जहां कोल्हान, उत्तरी छोटानागपुर, दक्षिणी छोटा नागपुर प्रमंडलों में इंटक संगठन काफी सशक्त है वहीं संथाल परगना में अपेक्षाकृत उतना मजबूत नहीं है. वहां पर पत्थर खनन, कोयला खदान पावर प्लांट एवं निर्माण क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों के बीच में काम करने की आवश्यकता है. उन्होंने दोनों नेताओं से सहयोग एवं मार्गदर्शन की अपील की. दोनों नेताओं ने पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया. श्री पांडेय संथाल परगना के महगामा से विधायक दीपिका पांडेय सिंह से मिलने उनके आवास पहुंचे, परन्तु विधायक दीपिका पांडेय के असम में होने के कारण उनसे मुलाकात नहीं हो सकी. उन्होंने श्रीमती सिंह से फोन पर बात कर संगठन के बारे में चर्चा की. राकेश्वर पांडेय इन दिनों लगातार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से संगठन के बारे में चर्चा कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा से मुलाकात की थी. रांची दौरा के क्रम में उनके साथ महेंद्र मिश्रा, बिनोद राय, दिलीप भारद्वाज, केपी तिवारी, डीएन पांडेय आदि लोग शामिल थे.
intuc-president-इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने झारखंड के मंत्रियों से की मुलाकात, मजदूरों की समस्याओं पर मांगा सहयोग
[metaslider id=15963 cssclass=””]