Jamshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत धातकीडीह के पास बिष्टुपुर पुलिस ने एक टेंपो से 230 किलो प्रतिबंधित मांस जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में टेंपो चालक कदमा शास्त्री नगर निवासी मोहम्मद अकबर और टेंपो में सवार मकदमपुर निवासी मोहम्मद एजाबुल को गिरफ्तार किया है। पुलिस टेंपो को जब्त कर थाने ले गई। वहीं दोनों युवकों को जेल भेज दिया गया है। इस मामले में टेंपो के चालक और मुख्य आरोपी हल्दीपोखर के व्यक्ति के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी रणविजय शर्मा ने बताया कि रविवार की सुबह वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा उन्हें सूचना दी गई थी कि इलाके में टेंपो में लादकर प्रतिबंधित मांस ले जाया जा रहा है। इसके बाद इलाके में गश्ती बढ़ा दी गई। धातकीडीह तालाब के पास सुबह पीसीआर 6 को देखकर एक टेंपो भागने लगा। इसके बाद उसे जवानों ने पकड़ा। जांच करने पर टेंपो के पीछे और बीच में झोले में रखा प्रतिबंधित मांस बरामद किया गया। छापेमारी दल में थाना प्रभारी रणविजय शर्मा पीएसआई अमरेंद्र मंडल, पीएसआई राहुल सिंह, ए एस आई भुनेश्वर महतो, पीसीआर 6 के हवलदार नरेन्द्रनाथ महतो, पीसीआर 6 के आरक्षी विश्वजीत सोरेन, चालक आरक्षी धीरेन्द्र कुमार और आरक्षी विनय कुमार शामिल थे।