चाईबासा : असुरा मध्य विद्यालय में हो जनजातीय संग्रहालय का शुभारंभ हुआ। जहां आदिवासी कला संस्कृति से बच्चें वाकिफ होंगे। संग्रहालय का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक दीपक बिरुवा, विशिष्ट अतिथि आरडीडीई नारायण प्रसाद विश्वास ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विधायक समेत अन्य अतिथियों ने संग्रहालय का अवलोकन भी किया। विधायक दीपक बिरुवा ने अपने विधायक निधि से एक संग्रहालय बनाने की घोषणा किए। जहां बच्चे अपनी कला संस्कृति को जानेंगे और सुरक्षित रख सकेंगे।
विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि देश में आदिवासियों की स्थिति संतोषजनक नहीं है। आदिवासियों के लिए आरक्षण और विभिन्न नियम कानून बने हैं। लेकिन आदिवासियो को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसका एक ही कारण है अशिक्षा। विधायक ने सभी शिक्षकों से बच्चो को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। जब सभी शिक्षित होंगे तो अधिकार से कोई वंचित भी नहीं होगा। कार्यक्रम में स्वागत भाषण अनंत लाल विश्वकर्मा व संचालन संजय चौधरी ने किया। कार्यक्रम का आयोजन झींकपानी प्रखंड के शिक्षकों द्वारा किया गया। आयोजन में रानी पूनम, क्रियाम बिरुली, दामु सुंडी, मनोज कुमार, मंगल सिंह मुंडा, कृष्ण देवगम आदि की अहम भूमिका रही।