
देवघर : देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोरमारा इलाके में सोमवार की सुबह मैजिक और ट्रक के बीच भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मैजिक सवार लोग दुमका जिले के जरमुंडी बाजार के सहदेव पत्रलेख और उनके परिवार के लोग हैं। सभी लोग गंगा स्नान के लिए जरमुंडी से सुल्तानगंज जा रहे थे। इस बीच सुबह करीब 5 बजे दुमका देवघर मुख्य मार्ग पर स्थित घोरमारा के समीप मैजिक गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मैजिक गाड़ी में आगे बैठे दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि अन्य लोगों को हल्की चोट आई है। स्थानीय लोगों के द्वारा काफी मशक्कत करने के बाद मैजिक मे फंसे एक व्यक्ति को निकाला गया। बहरहाल घायल सभी लोगों का इलाज देवघर के कुंडा स्थित एक निजी क्लिनिक में किया जा रहा है।