सारवां : थाना क्षेत्र के देवघर-सारठ मुख्य मार्ग के सारवां ब्लॉक मोड़ के समीप गुरुवार सुबह सड़क हादसे में सारठ अंचल निर्वाची पदाधिकारी सुप्रिया भगत सहित एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में निर्वाची पदाधिकारी सहित एक महिला आरक्षी बाल-बाल बचे। उन्हें हलकी चोट लगी। घायलों में सारठ छाताकुरूम निवासी एक महिला समेत सारठ अंचल के राजस्व कर्मचारी रंजीत झा की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों व पुलिस की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से देवघर भेज दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार करीब 9:30 बजे देवघर से सारठ जा रहे सारठ सीओ की जेएच15 टी 0816 नंबर जीप की टक्कर विपरित दिशा से आ रही जेएच 21एल 5628 नंबर ओजायर कार से आमने-सामने हो गई। टक्कर के बाद अंचलाधिकारी की जीप पलट गई। वहीं कार के परखच्चे उड़ गये। घटना के बाद मार्ग से गुजर रहे लोगों के द्वारा दुर्घटना ग्रस्त वाहन का शीशा तोड़कर सभी घायलों को खींचकर बाहर निकला गया। घायलों में शामिल सारठ निवासी 6 माह के मासूम अंशराज, आरती, झोली व अम्रपाली के चीख पुकार से माहौल पूरी तरह से गमगीन हो गया। सभी धायलों को एंबुलेंस व ऑटो से देवघर भेज दिया गया। चार घायलों को सीएचसी में इलाज के बाद देवघर रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी कुमार अभिषेक सदलबल घटनास्थल पहुंच गये। सारठ निर्वाची पदाधिकारी सहित सभी घायलों को अस्पताल भेजने में तत्परता दिखाई। घटना के बाद घटनास्थल पर जाम को स्थिति बन गई। पुलिस द्वारा वाहनों को किनारे कर आवागमन चालु कराया गय। (नीचे भी पढ़ें)
गंभीर रूप से घायलों में सारठ अंचल के कर्मचारी रंजीत झा, कंप्यूटर ऑपरेटर सुभाष कश्यप, लिपिक सौरभ कुमार व महिला आरक्षी समेत पालाजोरी थाना क्षेत्र के धावा गांव निवासी मुकेश कुमार राउत व उसके ससुराल छाताकुरूम निवासी 2 मासूम सहित 6 लोग शामिल है। घटना के बावत मुकेश राउत द्वारा बताया गया कि ससुराल छाताकुरूम में एक शादी समारोह मे हिस्सा लेने के बाद बच्चे का इलाज कराने डॉ रमण के यहाँ देवघर जा रहे थे। जाको राखे साइयां मार सके न कोय वाली बात घटना के बाद चरितार्थ हुई। घटना में जहां मां बुरी तरह से जख्मी हो गई। वहीं गोद मे रखे 6 माह के मासूम को खरोंच तक नहीं आई। पुलिस द्वारा दुर्घटना ग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है।