
आदित्यपुर : ईचागढ़ के पूर्व विधायक सह भाजपा नेता साधुचरण महतो का पार्थिव शरीर बीती रात जमशेदपुर पहुंचने के बाद मंगलवार की सुबह उनकी अंतिम यात्रा निकली. सुबह टीएमएच से निकलने के बाद उनका पार्थिव शरीर सबसे पहले डोबो पहुंचा. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद पार्थिव शरीर चांडिल स्टेशन स्थित उनके आवास पहुंचा जहां करीब आधा घंटा तक दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को रखा गया. यहां लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि व नम आंखों से विदाई दी. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद उनका पार्थिव शरीर ईचागढ़ विधान सभा क्षेत्र में पहुंचते ही लोगों की आंखें नम हो गयीं. साथ ही साधुचरण महतो अमर रहे, जबतक सूरज चांद रहेगा साधु दा तेरा नाम रहेगा नारे गूंजने लगे. (नीचे भी पढ़ें)

भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ईचागढ़ की जनता ने अपने पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि दी. इसके बाद अंतिम यात्रा अंतिम संस्कार के लिए आगे बढ़ती गयी, इस क्रम में अंतिम यात्रा उनके पैतृक गांव रांगाटांड़ भी पहुंची, जहां स्व साधु महतो को श्रद्धांजलि दी गयी. इस तरह शव यात्रा चांडिल, चौका, हुमिद, कांड्रा, होते हुए कलियाडुंगरी, टेंटपोसी, के रास्ते आदित्यपुर के श्रीडूंगरी स्थित आवास पहुंची. जहां हजारों लोगों की भीड़ जुटी क्या आम क्या खास हर चेहरे दिवंगत पूर्व विधायक के अंतिम दर्शन को आतुर दिखे. (नीचे भी पढ़ें)

अंतिम यात्रा में पार्थिव शरीर के साथ रांची के भाजपा सांसद संजय सेठ, आजसू नेता हरेलाल महतो, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह देव, रमेश हांसदा, आदित्यपुर उप महापौर बॉबी सिंह समेत कई गणमान्य व सैकड़ों लोग शामिल हुए.