जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र निवासी पिंकू जेना अपने बेटे के हत्यारों को सजा दिलाने के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं। उन्होंने डीसी विजया जाधव से लेकर एसएसपी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक शिकायत की है। लेकिन कहीं उनकी नहीं सुनी जा रही है। महिला का कहना है कि बिरसानगर थाने में उनसे कहा गया कि बेटे की आत्महत्या का आवेदन लिखकर दो। तभी तो बेटे का शव मिलेगा, नहीं तो शव नहीं दिया जाएगा। पुलिस की धमकी में आकर महिला ने बेटे की आत्महत्या करने की बात लिख दी। लेकिन बाद में पिंकू जेना को एहसास हुआ कि उनके बेटे की हत्या हुई है। कातिल को सजा मिलनी चाहिए। इसके बाद पिंकू जेना 23 मई को डीसी विजया जाधव को शिकायती पत्र देकर मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने और हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की। (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद चाईबासा में डीआईजी को आवेदन दिया। सीएम हेमंत सोरेन को भी स्पीड पोस्ट से आवेदन भेजा, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हो रही है। गुरुवार को पिंकू जेना एसएसपी ऑफिस पहुंचीं और एसएसपी से मामले में कार्रवाई की फरियाद की। पिंकू जेना ने बताया कि उनके बेटे शिबा जेना को मारकर फांसी के फंदे पर लटका दिया गया था। शिबा जेना की उम्र 24 साल थी। वह सामने टावर वाले मकान में सोया करता था। शिबा जेना के पिता राजाराम जेना टाटा मोटर्स के ड्राइवर हैं। पिंकू जेना ने बताया कि उनकी कुछ जमीन खाली पड़ी हुई है। शिबा जेना जमीन का सौदा कर रहा था। जबकि उनके ही कुछ परिवार के लोग इसका विरोध कर रहे थे। पिंकू जेना का आरोप है कि उन्हीं लोगों ने शिबा जेना की हत्या कर दी। पिंकू जेना ने सवाल किया है कि बिरसानगर पुलिस पता नहीं क्यों हत्यारोपियों को बचाने में लगी हुई है।