जमशेदपुर: केंद्र में मोदी सरकार के सत्तासीन हुए आठ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जमशेदपुर महानगर भाजयुमो द्वारा विकास तीर्थ यात्रा के नाम से विशाल रैली का आयोजन किया गया. जिसमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास,जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी सहित भाजपा के तमाम बड़े नेताओं ने शिरकत की. यह रैली जमशेदपुर के कदमा गणेश पूजा मैदान से शुरू होकर एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान पहुंची.(नीचे भी पढ़े)

इस दौरान भाजपाइयों के गगनभेदी नारों से पूरा शहर गुंजायमान रहा.मौके पर मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पीएम मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा देश हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की.उन्होंने बताया कि भाजयुमो द्वारा आयोजित इस रैली का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है.उन्होंने भाजयुमो के प्रयासों की सराहना की. वही रांची में हुए सांप्रदायिक हिंसा के सवाल पर रघुवर दास ने राज्य सरकार को आड़े हाथ लेते हुए सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया.उन्होंने कहा कि रांची में हिंसा पूर्व नियोजित प्रतीत हो रहा है.सरकार और सरकार के तमाम आला अधिकारी रांची में बैठे हैं.उन्हें पता था,कि वहां क्या होने वाला है,फिर भी इतनी बड़ी घटना घट गई जो निश्चित तौर पर यह दर्शाता है कि राज्य में अराजक स्थिति है.