
जमशेदपुर : डॉ भीमराव अंबेडकर पार्क, भाटिया बस्ती कदमा में डॉ भीमराव अंबेडकर पार्क संचालन समिति के तत्वाधान में शुक्रवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के बड़े भाई गुड्डू गुप्ता, विशिष्ट अतिथि शिक्षक नेता सुनील कुमार, सम्मानित अतिथि कदमा प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सुनील उर्फ बबुआ झा के साथ ही विशिष्ट रूप में हरि बालक प्रसाद, राजकुमार दास, बुद्धदेव करुआ, शशिकांत, उत्तम गुप्ता, राजकुमार राय व अन्य उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी सम्मानित अतिथियों ने डॉ बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण व नमन कर किया। इसके बाद सभी के द्वारा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। प्रस्तावना के सामूहिक पाठ के उपरांत बैलून उड़ा कर संविधान एवं बाबा साहेब के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई। (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर मुख्य अतिथि गुड्डू गुप्ता ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने तथा उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए शोषित, दलित तथा पिछड़े के उत्थान के लिए हमेशा कार्य करते रहने का संकल्प लिया। शिक्षक नेता सुनील कुमार ने संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए संविधान निर्माण में उनके योगदान तथा भारतीय संविधान को विश्व का सबसे बड़ा संविधान बताते हुए इसकी तमाम विशिष्ट बातों पर प्रकाश डाला। सम्मानित अतिथि बबुआ झा, हरि बालक प्रसाद, बुद्धदेव करुआ व अन्य ने संविधान में प्रदत्त मूलभूत अधिकार, विशेष रूप से स्वतंत्रता, समानता एवं न्याय के अधिकार की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के समापन पर लड्डू वितरण किया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में राजकुमार दास, जयकुमार, अरुण रजक, बाबू प्रमाणिक, सावन मुखी, संजीव झा, भोला, विकास मुखी, मुन्ना राम, सुरेश प्रसाद, राजेश रजक, मिंटू समेत अन्य लोगों की सराहनीय भूमिका रही।