जमशेदपुर : कोल्हान के सबसे बड़े एमजीएम अस्पताल की व्यवस्था सुधर नहीं पा रही है। काउंटर पर दोपहर 12:30 बजे तक लोगों की भीड़ लगी रही। मरीज रजिस्ट्रेशन कराने के लिए परेशान रहे। बताते हैं कि काउंटर पर भीड़ कम करने के लिए इमरजेंसी काउंटर को बाहर कर दिया गया है। इसके बावजूद काउंटर पर आने वाले मरीजों को राहत नहीं मिल सकी है। (नीचे भी पढ़ें)
मरीजों का कहना है कि उन्हें काफी देर तक कतार में लगकर इंतजार करना पड़ रहा है। इनमें से कुछ तो तीमारदार लाइन में लगते हैं। लेकिन अधिकतर मरीजों को ही लाइन में लगना पड़ता है। क्योंकि वह अकेले रहते हैं। मरीजों का कहना है कि एक तो वह बीमार हैं और दूसरे लाइन में लगने से उनकी परेशानी दुगनी हो जा रही है। मानगो के शंकोसाई से आई रानी देवी का कहना है कि महिलाओं को कतार में लगना पड़ रहा है। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। जिला प्रशासन को इस समस्या का कोई हल निकालना चाहिए।