
जमशेदपुर : बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के अंतर्गत बुधवार को 12वें दिन के बाद बिष्टुपुर स्थित फिल्टर पंप हाउस का मोटर, स्टार्टर, बिजली से संबंधित सारी खामियों को दुरुस्त कर चालू कर दिया गया। इसके पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव, मुखिया प्रतिमा मुंडा एवं उप मुखिया सुनील गुप्ता ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर व अगरबत्ती दिखाकर मंत्रोच्चारण के साथ स्थानीय लोगों के बीच मिठाइयां बांटकर मोटर को चालू किया। बुधवार की शाम को पूर्व की भांति बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में पानी की आपूर्ति होने लगी। इस तरह सुबह एवं शाम बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी वासियों को पानी मिलने लगेगी। सुनील गुप्ता ने बताया है कि पिछले 12 दिन से जिला पार्षद किशोर यादव, मुखिया प्रतिमा मुंडा व उनके अथक प्रयास से पंप चालू करवा दिया गया है। बागबेड़ा मध्य पंचायत के ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के अध्यक्ष प्रतिमा मुंडा के द्वारा खर्च का वहन किया गया। पिछले 12 दिनों से जिप उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह के द्वारा अपने निजी टैंकरों से निःशुल्क पानी वितरण करवाने पर राजकुमार सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।