
जमशेदपुर : सम्पूर्ण भोजपुरी विकास मंच के तत्वाधान में बिरसानगर टेल्को के द न्यू एरा होटल के सभागार में मॉरिशस के पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रधानमन्त्री सर अनिरुद्ध जगन्नाथ के निधन पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। उनका निधन गत 3 जून को मॉरीशस में हो गया। सभा में शहर के भोजपुरी व साहित्य से जुड़े लोगों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया एवं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। ज्ञातव्य हो कि अगस्त 2009 में मॉरिशस में विश्व भोजपुरी सम्मेलन का आयोजन उनके (अनिरुद्ध जगन्नाथ) नेतृत्व में हुआ था, जिसमें पूरे देश के साथ ही जमशेदपुर के भी कई भोजपुरिया शामिल हुए थे। वहां उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा था कि ‘अगर हमन के सरकार बनल त आपन माई के भाषा भोजपुरी के राष्ट्रीय भाषा के दर्जा देहब’। उसके बाद अगले चुनाव में वह भारी बहुमत से सत्ता में आये और भोजपुरी को राष्ट्रीय भाषा का दर्जा दिया। आज मॉरिशस में उनके ही सुपुत्र प्रविन्द जगन्नाथ प्रधानमंत्री हैं। मंच की ओर से कहा गया है कि इस पर गर्व है कि भोजपुरी माटी से गिरमिटिया मजदूर बनके गए लोग आज मॉरिशस के गवर्नमेंट बन गए हैं।शोक संवेदना व्यक्त करनेवालों में सम्पूर्ण भोजपुरी विकास मंच के महामंत्री प्रदीप सिंह भोजपुरिया, शशि भूषण मिश्रा, कौशलेश कुमार, बिजेन्द्र कुमार, अनिल गिरि, राजेश पांडेय, लक्ष्मण प्रसाद समेत अन्य लोग शामिल थे।