रांची / जमशेदपुर : झारखंड में इन दिनों लगातार बारिश हो रही है. इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत तो जरूर मिली है परंतु रुक रुककर लगातार हो रही बारिश से आम जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है. वही रांची केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अभिषेक आनंद ने मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है. उन्होंने बताया है कि बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में निम्न दबाव का क्षेत्र झारखंड के दक्षिणी हिस्से से प्रवेश कर आगे बढ़ रहा है. इसे देखते हुए झारखंड में 20 से 22 सितंबर तक रुक रुककर लगातार बारिश होगी. वहीं इसे लेकर मौसम वैज्ञानिक ने येलो अलर्ट जारी किया है. बुधवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं सुबह 8.30 बजे से शाम के 5.30 बजे तक 0.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी – मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकांश जिलों में 22 तक बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया. वहीं 21 सितंबर को पश्चिमी और उत्तर पूर्वी यानी देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामतारा, पाकुर, साहेबगंज में गर्जन के साथ वज्रपात की संभावना जताई है. वहीं 22 सितंबर को उत्तरी पश्चिमी के पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार तथा लोहरदगा और उत्तर पूर्वी के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामतारा, पाकुर तथा साहेबगंज में वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
झारखंड में 33 फीसदी कम बारिश – झारखंड में अब तक 33 फीसदी कम बारिश हुई है. एक जून से अब तक सामान्य वर्षापात 955.8 मिमी की तुलना में 637.8 मिली बारिश हुई है.