
रांची : झारखंड राज्य में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध के मामले बढ़ते जा रहे है. महिलाओं की सुरक्षा की बात करें तो स्थिति और भयावह है. बीते 6 महीनें में राज्य की राजधानी रांची में दुष्कर्म के 106 घटनाएं घटी. वहीं छेड़खाने के मामले में सबसे ज्यादा शिकायत धनबाद जिले से सामने आई. पुलिस के द्वारा जारी क्राइम अगेंस्ट वूमन के आंकड़ों के मुताबिक जनवरी से लेकर जून तक 6 महीने में राज्य में दुष्कर्म के 794 मामले सामने आए. रांची में ही 106 घटनाएं घटी. जनवरी, फरवरी, मार्च, अप्रैल और जून में सर्वाधिक दुष्कर्म के मामले रांची में ही दर्ज हुए. बताते चले कि रांची की विधि व्यवस्था को बनाए रखने के लिए 3 एसपी और 19 से अधिक थाने है. इसके बावजूद महिलाओं के प्रति लगातार अपराध बढ़ रहा है. हाईकोर्ट भी कई दफे झारखंड पुलिस से अपराध नियंत्रण को लेकर सवाल कर चुकी है. (नीचे भी पढ़ें)

बात करे छेड़खान की तो बीते 6 महीनें में 383 मामले सामने आए. जनवरी में कुल छेड़खानी की 81 घटनाएं घटीं, जिनमें धनबाद में सर्वाधिक 20 घटनाएं दर्ज हैं. फरवरी में घटित छेड़खानी की 54 घटनाओं में 18 धनबाद में, मार्च में घटित छेड़खानी की 60 घटनाओं में धनबाद में 16, अप्रैल में घटित 60 घटनाओं में धनबाद में 15, मई में घटित 52 में धनबाद में 5 व जून में घटित छेड़खानी की 76 घटनाओं में सिर्फ धनबाद में 14 मामले दर्ज हुए हैं. दहेज हत्या के मामलों में भी राज्य पीछे नहीं है. पुलिस के आंकड़े बताते है कि जनवरी से जून तक तक राज्य में 2832 लड़कियां-महिलाएं किसी न किसी रूप से इसका शिकार हुई हैं. इनमें 101 बेटियां की हत्या दहेज के लिए कर दी गई. 864 लड़कियां दहेज लोभियों से परेशान होकर पुलिस के पास पहुंची. साथ ही 690 बहू-बेटियों के अपहरण का मामला भी प्रकाश में आया हैं.