जमशेदपुर : टीचर्स एसोसिएशन ऑफ कोल्हान यूनिवर्सिटी (टाकू) चुनाव समिति की एक बैठक हुई जिसमें टाकू की नई कार्यकारिणी के चुनाव पर विमर्श हुआ एवं इस चुनाव को संपन्न कराने हेतु चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया। इस बैठक में चुनाव समिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया और इसकी अध्यक्षता समिति के संयोजक डॉ नरेश कुमार ने की। बैठक में निर्णय हुआ कि चुनाव 7 फरवरी 2021 को संपन्न कराए जाएंगे। इस हेतु चुनाव समिति की ओर से आज अधिसूचना जारी कर दी गई। कोल्हान यूनिवर्सिटी शिक्षक संघ के इस चुनाव में कोल्हान विश्वविद्यालय के सभी अंगीभूत कॉलेज के स्थायी शिक्षक मतदाता के रूप में हिस्सा ले पाएंगे। (नीचे भी पढ़ें)
शिक्षक संघ राजनीति में यह चुनाव ऐतिहासिक होगा, क्योंकि इससे से पहले सभी चुनाव में अनुपातिक रूप से शिक्षक चुनाव में भाग ले पाते थे और लगभग तीन चौथाई शिक्षक मतदान का हिस्सा नहीं बन पाते थे। 7 फरवरी 2021 को होने वाले चुनाव हेतु नामांकन प्रक्रिया 20 जनवरी 2021 से शुरू हो जाएगी अंतिम परिणाम 7 फरवरी 2021 की शाम तक मिल जाने की आशा है। चुनाव समिति ने टाकू की सभी कॉलेज इकाईयों से अनुरोध किया है कि वह इस चुनावी प्रक्रिया में मजबूती से हिस्सा लें और शिक्षक संघ को ज्यादा लोकतांत्रिक बनाएं। चुनाव समिति ने सभी कॉलेज प्राचार्य एवं प्रशासन से भी आग्रह किया है कि वह चुनाव समिति को टाकू चुनाव आयोजित करने में भरपूर सहयोग दें। बैठक में चुनाव समिति के संयोजक डॉ नरेश कुमार तथा सदस्य डॉ प्रभात कुमार सिंह एवं प्रो सुभाष चंद्र दास उपस्थित थे।