
जमशेदपुर : वीमेंस कॉलेज प्राचार्या प्रो डॉ शुक्ला महांती ने शनिवार को जेआरडी टाटा स्पोर्टस बोर्ड के वरीय पदाधिकारी व अर्जुन पदक से सम्मानित भारत के मशहूर एथलीट बागीचा सिंह का कॉलेज में अभिवादन किया। प्राचार्या ने हाल ही में सेवानिवृत्त हुए बागीचा सिंह जी को पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट करते हुए उनके सक्रिय और दीर्घ जीवन तथा अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने याद करते हुए बताया कि वीमेंस कॉलेज की खेलकूद की गतिविधियों को जेआरडी टाटा स्पोर्टस प्रशासन से हमेशा सक्रिय सहयोग मिला। इनमें बागीचा सिंह और हसन ईमाम मलिक ने काफी आत्मीय सहयोग किया। इनके तत्पर सहयोग से कॉलेज की कई छात्राओं ने खेलकूद में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की और कॉलेज का नाम रोशन किया। उन्होंने बॉक्सिंग चैंपियन अरूणा झा को भी याद किया। तीरंदाज झानू हांसदा सहित कई छात्राओं को उन्होंने याद किया जिन्होंने उनकी देखरेख और बागीचा सिंह व सभी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों के सहयोग से कैरियर में बुलंदी हासिल की। बागीचा सिंह जी ने प्राचार्या डॉ शुक्ला महांती के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने संकेत दिया कि वे अपने गृहराज्य पंजाब में शिफ्ट होंगे और पंजाब में खेलकूद की गतिविधियों को और आगे ले जाने में सहयोग करेंगे। लेकिन यह भी कहा कि जमशेदपुर, टाटा स्टील, जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और वीमेंस कॉलेज हमेशा उनके दिल में रहेंगे। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हैंडबाल मैनेजर व टाटा स्टील स्पोर्ट्स के पदाधिकारी हसन इमाम मलिक, कॉलेज के खेल प्रभारी डॉ राजेन्द्र जायसवाल, योग विभाग के समन्वयक डॉ सुधीर कुमार साहू, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ रत्ना मित्रा भी उपस्थित थीं।