
जमशेदपुर:जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में पीएम आवास बनाने के लिए खोदे गए नींव में पानी भर चुका है. गुरुवार की सुबह इस गड्ढे से एक किशोर का शव बरामद किया गया. शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त में जुट गई. मृतक की पहचान जोन नंबर 2बी निवासी विप्लव राहा के 14 वर्षीय पुत्र विष्णु राहा के रूप में की गई. इधर परिजनों को सूचित कर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों ने इसे ठेकेदार की लापरवाही बताया है. पिता विप्लव के अनुसार बुधवार को विष्णु अपने दोस्तो के साथ निकला था फिर वापस नहीं लौटा. उन्होंने काफी खोजबीन की पर वह नहीं मिला. आज सूचना मिली की उसका शव मिला है. स्थानीय लोगों ने अनुसार पीएम आवास के बनाने के लिए ठेकेदार द्वारा नींव के लिए गड्ढे बनाए गए है पर इस गड्ढे में पानी भर जाने के कारण यह तालाब का रूप ले चुका है. लोग इसमें नहाने आते है. यह ठेकेदार की ही लापरवाही है जो उसने इसे घेरा नहीं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.



