
संतोष वर्मा
चाईबासा : आसन्न विधान सभा चुनाव और राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास के पश्चिमी सिंहभूम जिले के दौरा से ठीक एक दिन पहले जिले के भाजपा के चार प्रखंड अध्यक्षों ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है. इनमें चाईबासा सदर के प्रखंड अध्यक्ष ब्राजील सुंडी, झींकपानी के प्रखंड अध्यक्ष कमल नायक, टोंटो के प्रखंड अध्यक्ष बाबूराम लागुरी और चाईबासा के नगर अध्यक्ष विकास शर्मा शामिल हैं. इन प्रखंड अध्यक्षों ने जिलाध्यक्ष मनीष राम पर अभद्र व्यवहार करने, बेइज्जत करने, धमकी देने, अपमानित करने के साथ ही महिंद्रा ट्रेक्टर की बिक्री करवाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है. उन्होंने जिलाध्यक्ष पर प्रखंड स्तर में गुटबाजी करवाने का भी आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि जिलाध्यक्ष की हरकतों से क्षुब्ध हो कर वे पद से इस्तीफा दे रहे हैं, लेकिन पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते रहेंगे. उन्होंने आरोप लगाया है कि जिलाध्यक्ष अपनी मनमानी और हिटलरशाही चलाने के लिए भाजपा के पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को निशाना बना कर पार्टी में गुटबाजी कर रहे हैं. युवा मोर्चा के चाईबासा नगर अग्ध्यक्ष भी उनके निशाने पर हैं.