
जमशेदपुर : कोल्हान के पूर्व डीआइजी और सेवानिवृत आइपीएस पदाधिकारी राजीव रंजन सिंह भाजपा में जाने वाले है. तेज तर्रार पुलिस पदाधिकारी के रुप में जाने जाने वाले आइपीएस राजीव रंजन सिंह जमशेदपुर में बतौर सिटी डीएसपी समेत अन्य एरिया के डीएसपी के तौर पर भी काम कर चुके है. वे कोल्हान के डीआइजी भी रहे है. उनका कामकाज कोल्हान के लोग याद करते है. रिटायरमेंट के बाद करीब एक साल तक जनसेवा करने के बाद राजीव रंजन सिंह भाजपा में जाने वाले है. भाजपा में उनकी ज्वानिंग 17 जून शनिवार को सुबह 11 बजे झारखंड के प्रदेश भाजपा कार्यालय में होगा. प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश समेत अन्य वरीय नेताओं की मौजूदगी में वे पार्टी में शामिल होंगे. (नीचे भी पढ़ें)

झारखंड में कई आइपीएस जा चुके है राजनीति में, बन चुके है सांसद और विधायक
झारखंड के कई आइपीएस और आइएएस को राजनीति रास आती है. कई पदाधिकारी राजनीति में आ चुके है. सबसे पहले झारखंड की राजनीति में आइएएस की नौकरी को छोड़कर यशवंत सिन्हा हजारीबाग से सांसद बने थे. इसके अलावा बीडी राम भी डीजीपी होकर रिटायर किये और फिर भाजपा से वे पलामू से सांसद बने. इसके अलावा भाजपा में ही कोल्हान के पूर्व डीआइजी लक्ष्मण सिंह भी चुनाव लड़े थे. जमशेदपुर के एसपी रह चुके डॉ अजय कुमार जमशेदपुर से सांसद बने. एडीजी रह चुके रामेश्वर उरांव कांग्रेस से कई बार सांसद रहे जबकि वे विधायक रहे और आज वे झारखंड सरकार में मंत्री रहे है. जमशेदपुर के पूर्व एसपी डॉ अरुण उरांव ने आइपीएस की नौकरी छोड़कर राजनीति में इंट्री की और भाजपा के साथ हो चुके है.