जमशेदपुर : सम्पूर्ण भोजपुरी विकास मंच की ओर से मंगलवार को भोजपुरी लोक गायक गोलू राजा को फूलों का गुलदस्ता एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर लोकगायक गोलू राजा ने कहा कि भोजपुरी का साम्राज्यवाद बिहार, भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में फैला हुआ है। समय के साथ-साथ इसके हर क्षेत्र में प्रचार-प्रसार के साथ ही संस्कृति विकसित होती गई। लेकिन इसके विकसित होने के साथ ही अपभ्रंश भी होता गया। आज आलम यह है कि भोजपुरी में समय के साथ अश्लीलता बढ़ती गई। इसके गीत, फिल्म एवं नाट्य कला मंच में अश्लीलता भरपूर मात्रा में परोसा जाने लगा। इसका मुख्य कारण भोजपुरी में बढ़ता बाजारवाद। (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि आज बाजारवाद के चक्रव्यूह में फंसकर भोजपुरी अपने फूहड़पन के मुकाम तक पहुंच गया है। इसके दोषी कहीं ना कहीं हम सब भी हैं, जो एक वर्ग इसको बड़े चाव से सुनता है। जरूरत है कि अब इस पर ब्रेक लगाते हुए शुद्ध संस्कृति के लिए हर एक व्यक्ति पहल करे। उन्होंने प्रदीप सिंह भोजपुरिया के द्वारा देश-विदेश में भोजपुरी के लिए किये जा रहे कार्य की जमकर तारीफ की। इस अवसर पर भोजपुरी मंच के महामन्त्री प्रदीप सिंह भोजपुरिया, शशि भूषण मिश्रा, ललित पाण्डेय,मुकेश ठाकुर, श्याम सुंदर पाण्डेय, अनिल गिरि, राजेश पाण्डेय, बिशु सिंह, विनय सिंह, रवि रंजन राय, उमेश पाण्डेय, कौशलेश कुमार, राजेश राय समेत कई भोजपुरी प्रेमी उपस्थित थे।