
जमशेदपुर : जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वाधान में कॉलेज परिसर में गुरुवार को वन महोत्सव का आयोजन किया गया। वन महोत्सव के तहत महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा तत्पश्चात ऑडियो विजुअल कक्ष में वन की महत्ता पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मो हसन इमाम मलिक, टाटा स्टील के हैंडबॉल के मुख्य कोच थे। कार्यक्रम के आरंभ में सर्वप्रथम मुख्य अतिथि मो हसन इमाम मलिक का झारखंड की परंपरा अनुसार कॉलेज एनएसएस की छात्राओं द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में स्वागत आदिवासी नृत्य करते हुए किया गया। मोहम्मद हसन इमाम मलिक ने कॉलेज परिसर में गुलमोहर का पौधा रोपा तथा प्राचार्य डॉ महालिक द्वारा आंवला का पेड़ लगाया गया। प्रो पुष्पा सालों लिंडा तथा कॉलेज के अन्य शिक्षकों द्वारा अशोक एवं नीम का वृक्ष लगाया गया। अरविंद कुमार एनएसएस पदाधिकारी द्वारा सभी पेड़ों के बारे में जानकारी प्रदान की गयी। (नीचे भी पढ़ें)

वृक्षारोपण के उपरांत ऑडियो विजुअल कक्ष में वन महोत्सव की महत्ता पर मुख्य अतिथि मो हसन इमाम ने विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील ने हमेशा ही वन संरक्षण एवं वृक्षारोपण को महत्व दिया है। टाटा स्टील का नारा है ‘ग्रीन सिटी, क्लीन सिटी, स्टील सिटी’। प्राचार्य डॉ महालिक ने अपने संबोधन में प्रभावशाली ढंग से वनों के वैदिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पेड़ों को लगाना है और उसका संरक्षण भी जरूरी है। मनोज किशोर ने कहा कि कोरोना काल में पेड़ों का महत्व हमें समझ में तब आया जब ऑक्सीजन के अभाव में मौतें होने लगी। उन्होंने एक कविता भी सुनाई। कार्यक्रम में एनएसएस के छात्रों द्वारा वन संरक्षण पर रंगोली बनायी गयी, जिसे मुख्य अतिथि ने काफी सराहा। कार्यक्रम में सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।