जमशेदपुर : करीम सिटी कॉलेज के बांग्ला विभाग के तत्वधान में एक विभागीय संगोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ बीएन त्रिपाठी ने की। यह आयोजन भारत के महान कवि एवं साहित्यकार रविंद्र नाथ टैगोर के जन्मदिन के अवसर पर किया गया। डॉ त्रिपाठी ने गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करते हुए सभा को बताया कि गुरुदेव रविंद्र नाथ टैगोर न केवल भारत के बल्कि विश्व स्तरीय कवि एवं विचारक थे। उन्हें बंगाल की संस्कृति तथा भारतीय संगीत से गहरा लगाव था। रविंद्र संगीत पूरे विश्व में अपनी पहचान रखता है। उनकी महानतम कृति “गीतांजलि” है, जिसका संसार के अनेकों भाषाओं में अनुवाद हुआ और यही वह पुस्तक है जिस पर उन्हें नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। (नीचे भी पढ़ें)
संगोष्ठी में करीम सिटी कॉलेज बांग्ला विभाग (प्रतिष्ठा) के विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया तथा गुरुदेव के सम्मान में गीत गाया और अपने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं में पूर्ण चंद्र महाती, विजॉय प्रमाणिक, विद्युत तिवारी, जया दत्ता, दशामी राजवार, जयंती सिंह इत्यादि के नाम प्रमुख हैं। प्रो ओम सिंहदेव ने धन्यवाद ज्ञापन किया और संगोष्ठी के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम के लिए कॉलेज के प्राचार्य डॉ मोहम्मद रेयाज ने बांग्ला विभाग के शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को बधाई दी।