
Chakuliya : चाकुलिया वन क्षेत्र के मुढ़ाल और रांगामाटिया गांव के बीच स्थित साल जंगल में इन दिनों पेड़ कटवा गिरोह द्वारा धड़ल्ले से साल के पेड़ काटे जा रहे हैं. जंगल से साल के कई पेड़ को काट कर गिरोह द्वारा टपाया गया है. पेड़ की कटाई जंगल में किस कदर हो रही हैं इसका सबूत जंगल में साल पेड़ के ठूंठ हैं. जंगल में अब भी एक-आध साल के रोले पड़े हुए हैं. मुढ़ाल से रांगामाटिया गांव जाने वाली मुख्य सड़क किनारे साल जंगल है. सड़क किनारे ही जंगल से कई पेड़ काटे गये हैं. इस संबंध में स्थानीय ग्रामीण ने बताया कि कुछ दिन पूर्व जंगल में हाथियों के झुंड द्वारा पेड़ को तोड़ा गया है, जिसे ग्रामीणों द्वारा काट कर जलावन के लिए ले जाया जा रहा है. इस संबंध में रेंजर अशोक कुमार सिंह ने कहा कि जंगल से साल पेड़ की कटाई होने की सूचना नहीं है. उन्होंने कहा कि वह खुद इस मामले की जांच कर कार्रवाई करेंगे.







