
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों में फायरिंग हो गयी. बताया जाता है कि कपाली के काटा डुंगरी में किसी जमीन को घेरने के लिए दो गुटों के बीच विवाद चल रहा था. इस विवाद के बीच में ही मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर 17 के रहने वाले मोहम्मद सैफ भी पहुंचा था.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथों में पिस्तौल लहराते हुए मोहम्मद सैफ वहां पहुंचा और ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग करने लगा. इसके बाद वहां भगदड़ मच गयी. जमीन की घेराबंदी करने को लेकर मोहम्मद सैफ का काफी दिनों से विवाद चल रहा था. लोगों को डराने के लिए उसने अपने अवैध पिस्तौल से ही फायरिंग की. फायरिंग करने के बाद जब भीड़ छंट गयी, तब उसने पिस्तौल को अपने कमर में रखना चाहा.
कमर में रखते वक्त ही उसके ही हाथ से पिस्तौल का ट्रिगर दब गया और गोली उसके ही कमर में लग गयी. इसके बाद वह लहुलुहान हालत में एमजीएम अस्पताल पहुंचा. उसके दोस्तों ने अस्पताल में उसको पहुंचाया. सूचना पाकर पुलिस वहां पहुंची और उससे पूछताछ कर रही है. उसकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है. वैसे पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो चुका है और कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.



