
जमशेदपुर : जमशेदपुर के घाघीडीह में बंद कथित रूप से अलकायदा का खूंखार आतंकी मौलाना कलीमुद्दीन मुजहिरी आखिरकार रविवार को जमानत पर रिहा हो गया. जेल प्रशासन द्वारा सुबह 8:10 बजे उसे जेल से रिहा किया गया. उसे लेने उसके दो परिजन जेल पहुंचे थे. यहां से वह मानगो स्थित अपने आवास चला गया. उसे झारखंड हाई कोर्ट ने 18 नवंबर को जमानत दे दी थी. न्यायमूर्ति कैलाश प्रसाद देव की खंडपीठ ने कहा था कि मौलाना कलीमुद्दीन का अलकायदा से रिश्तों का कोई सबूत नहीं है. भागीदारी के संबंध में कोई भी सामग्री एकत्र नहीं की गई है और न ही जांच अधिकारी ने किसी भी ऐसे संगठन द्वारा याचिकाकर्ता को दिए गए धन के संबंध में कोई भी सामग्री एकत्र की है, जो गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल थी. कोर्ट ने जमानत देते हुए कहा, ‘इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए कि याचिकाकर्ता एक मौलाना है, जिसका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है. बता दें मोहम्मद कलीमउद्दीन मुजाहिरी को एटीएस टीम द्वारा जमशेदपुर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया था. कलीमुद्दीन का पैतृक आवास रांगामटिया तमाड़ में है. एटीएस ने कलीमुद्दीन को अलकायदा के आतंकियों को शरण देने के आरोप में गिरफ्तार किया था.




