
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कोवाली थाना क्षेत्र की एक महिला की जलने से मौत हो गयी. महिला का नाम ज्योति महाली बताया जा रहा है. महिला के परिजन इसके पीछे ससुरालवालों और पति को जिम्मेवार मान रहे हैं. बताया जाता है कि 2017 में महिला की शादी कोवाली निवासी खेलाराम महाली के साथ हुई थी. दोनों की एक दो साल की बेटी भी है. परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से ही दोनो पति- पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर अनबन होता रहता था. शनिवार को उन्हें सूचना मिली कि ज्योति जल गयी है, एमजीएम अस्पताल में भर्ती है. पहुंचने पर ज्योति को मृत पाया. वहीं मृतका के पति ने बताया कि वह शनिवार को काम से गया था, घरवालों ने पत्नी के जलने की सूचना दी. जिसे 108 एंबुलेंस से लेकर एमजीएम अस्पलाता पहुचने पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं महिला के पति ने मारपीट और प्रताड़ना के आरोपों से इंकार किया. जबकि परिजनों ने बताया कि मृतका का पति शराब पीकर अक्सर घर में मारपीट करता था. लॉकडाउन के बाद काम छूट गया था, फिलहाल गांव में ही खेती-बाड़ी का काम कर रहा था. फिलहाल महिला की मौत के बाद परिजनों में नाराजगी देखी जा रही है. मृतका का मायका सरायकेला जिले के सिनी ओपी क्षेत्र में बताया जा रहा है.




