
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में एक अजीबो-गरीब मामला प्रकाश में आया है, जहां ओएलएक्स पर कैमरे का विज्ञापन देख अपराधी ने युवक को फोन कर बुलाया और चाकू का भय दिखाकर कैमरा तो लूट ही लिया साथ में उसकी मोबाइल भी लूट कर भाग गया. मामला बागबेड़ा थाना क्षेत्र के राजेंद्र विद्यालय कैंपस का है जहां अपराधी ने मुसाबनी निवासी फागू मार्डी को अपना निशाना बनाया. इस मामले में फागू ने बागबेड़ा थाना में मोबाइल नंबर 6202565074 के धारक पर प्राथमिकी दर्ज कराई है. फागू ने पुलिस को बताया कि उसने ओएलएक्स में अपना कैमरे का विज्ञापन डाला था. विज्ञापन देखकर एक युवक ने उसे फोन किया और कैमरा लेने की इच्छा जताई. कैमरा लेकर युवक ने उसे बागबेड़ा के राजेंद्र विद्यालय कैंपस में बुलाया. शनिवार की शाम को वह कैमरा लेकर पहुंचा जहां युवक ने उसपर चाकू सता दिया और कैमरे के साथ साथ मोबाइल भी लूट लिया. शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.




