
जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाने से चोरी का एक आरोपी रविवार को फरार हो गया है। बताते हैं कि पुलिस ने आरोपी को बिष्टुपुर के एक अर्ध निर्मित माल में चोरी करते हुए पकड़ा था। आरोपी एजबेस्टस की चोरी कर रहा था। वहां के गार्ड ने चोरों को दौड़ाया तो सभी आरोपी फरार हो गए थे। एक को पकड़ लिया गया था। इसे बिष्टुपुर थाने लाया गया था। थाने में इसे बैठा कर रखा गया था। बताते हैं कि थाने में मौजूद सभी कर्मी अपने काम में व्यस्त हो गए। इसी बीच आरोपी ने बाथरूम जाने की इजाजत मांगी और फिर वह बाथरूम जाने के लिए निकला और दौड़ते हुए थाने से भाग गया। पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की। लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले सीतारामडेरा थाने से भी एक आरोपी फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।






