
जमशेदपुर : शहर के आजादनगर थाना अंतर्गत रोड नम्बर 3 गरीब कॉलोनी के समीप एक नाले से लगभग 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव के पास से एक धारदार हथियार मिला है. घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. युवक कौन है पुलिस यह पता लगाने में जुटी है. युवक के शरीर में किसी प्रकार के चोट का निशान नजर नहीं आ रहा है. आशंका जतायी जा रही है कि युवक की कहीं हत्या कर शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है. आपको बता दें कि यह इलाका पड़ोसी जिला सरायकेला के कपाली ओपी से सटा हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है.







