Jamshedpur : शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत कोटे की सीटों पर एडमिशन लेने में शहर के प्राइवेट स्कूल आनाकानी कर रहे हैं. स्कूलों द्वारा कोटे की सीटों पर कमजोर एवं अभिवंचित वर्ग के बच्चों का एडमिशन नहीं लिया जा रहा है. शहर के कुछ स्कूलों के खिलाफ ऐसा मामला प्रकाश में आया है. इस मामले को लेकर जमशेदपुर अभिभावक संघ ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. साथ ही उपायुक्त कार्यालय में एक ज्ञापन सौंप कर मामले से अवगत कराया.
संघ की ओर से बताया गया है कि आरएमएस बालीचेला स्कूल सोनारी, मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल तथा साउथ प्वाइंट एकेडमी स्कूल द्वारा आरटीई अधिनियम-2009 की धारा 12 (1)(सी) की अवमानना की जा रही है. यानी कोटे की सीटों पर आवेदन करने वाले बच्चों का एडमिशन नहीं लिया जा रहा है. संघ ने उपायुक्त से उक्त तीनों स्कूलों में प्रवेश कक्षा में आरटीई के तहत आरक्षित सीटों पर संबंधित बच्चों का एडमिशन का आदेश निर्गत करने की मांग की है. पत्र की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधीक्षक को भी सौंपी गयी है. ज्ञापन सौंपनेवालों में संघ के अध्यक्ष डॉ उमेश कुमार व अन्य सदस्य उपस्थित थे.









