
जमशेदपुर : जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज में अध्ययनरत प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2019-22) के छात्र शुक्रवार से बेमियादी भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं. प्रथम सेमेस्टर के छात्रों ने कॉलेज के प्रचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति सात दिनों के भीतर प्रमोट करने की मांग की थी. सात दिनों के बाद भी मांगों पर किसी तरह से पहल नहीं किए जाने के बाद छात्र भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। छात्रों के द्वारा इससे संबंधित नोटिस कॉलेज की नोटिस बोर्ड पर चिपका कर चेतावनी भी दी गई थी. बता दें कि को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज के सत्र 2019-22 के विद्यार्थियों का दो साल करीब होने वाला है, लेकिन एक भी परीक्षा नहीं ली गई है. यूजीसी की गाइडलाइन के अनुसार कोल्हान विश्वविद्यालय प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को प्रमोट नहीं किया जा रहा है और सरकार परीक्षा लेने की अनुमति नहीं दे रही है. इस तरह से छात्रों का भविष्य अंधकार में हो गया है. इसी को लेकर छात्र उग्र आंदोलन करने पर मजबूर हो गए हैं. इसलिए कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति के नाम कॉलेज के प्रचार्य को ज्ञापन सौंप कर सभी छात्रों को प्रमोट करने की मांग की गई थी. (नीचे भी पढ़ें)
एक सप्ताह के बाद भी नहीं की गई पहल
हड़ताली छात्रों ने कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन अब सरकार से बात करे या यूजीसी से बात करे. अब विद्यार्थी कोई परीक्षा नहीं देंगे. प्रथम सेमेस्टर के छात्रों को अब अगर प्रमोट नहीं किया गया, तो प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2019-22) के सभी 120 विद्यार्थी अनिश्चित समय के लिए भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं. हड़ताली छात्रों का कहना है कि इसकी सारी जवाबदेही अब कोल्हान विश्वविद्यालय और सरकार की होगी.




