
जमशेदपुर : पेट्रोल डीजल के बाजार में शनिवार को लगातार पांचवें दिन भी भारी बढ़ोतरी हुई. बीते फरवरी के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जबकि इसकी कीमत में लगातार 5 दिन इजाफा हुआ हो. इस साल फरवरी में तो लगातार 12 दिनों तक कीमत में बढ़ोतरी का रिकार्ड बना था. सरकारी तेल कंपनियों ने आज डीजल के दाम में प्रति लीटर 35 पैसे की तगड़ी बढ़ोतरी की. पेट्रोल भी 30 पैसे प्रति लीटर महंगा कर दिया गया. दिल्ली के बाजार इंडियन ऑयल (आईओसी) के पंप पर पेट्रोल प्रति लीटर 103.84 रुपये पर चला गया. इसी दिन डीजल भी छलांग लगा कर 92.47 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया. (नीचे भी पढ़ें)
इस महीने 2.20 रुपये महंगा हो चुका है पेट्रोल
इस महीने पहली तारीख को पेट्रोल जहां 25 पैसे महंगा हुआ था वहीं डीजल भी 30 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था. दरअसल, पिछले महीने के अंतिम दिनों से जो पेट्रोल की कीमतें बढ़नी शुरू हुई, वह आज भी नहीं थमी है. हां, बीच में कुछ दिनों इसे विराम मिला था. द इकोनॉमिक्स टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार इस समय कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतें एक बार फिर से 82 डॉलर के पार पहुंच गई हैं. इसलिए सभी पेट्रोलियम पदार्थ महंगे हो रहे हैं. पेट्रोल की कीमतों में देखें तो इस महीने यह 2.20 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
इस महीने 2.60 रुपये महंगा हुआ डीजल
कारोबारी लिहाज से देखें तो पेट्रोल के मुकाबले डीजल बनाना महंगा पड़ता है. लेकिन भारत में खुले बाजार में पेट्रोल महंगा बिकता है और डीजल सस्ता बिकता है. हालांकि इस महीने के एक दिन को छोड़ दें तो हर रोज डीजल महंगा हुआ है. इस दौरान पेट्रोल के मुकाबले डीजल ज्यादा महंगा हुआ है. इतने दिनों में ही यह 2.60 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)
कच्चे तेल का बाजार सात साल के उच्चतम स्तर पर
रिपोर्ट के मुताबिक कच्चे तेल के बाजार में इस दिनों जबरदस्त तेजी है. एक ओर कच्चे तेल की मांग बढ़ती जा रही है, तो दूसरी ओर इसकी सप्लाई का सही इंतजाम नहीं है. इसी वजह से कल अंतरराष्ट्रीय बाजार में बाजार डब्ल्यूटीआई क्रूड की कीमतें करीब ढ़ाई फीसदी चढ़ गई. नवंबर 2014 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जबकि अमेरिकी क्रूड का दाम 80 डॉलर प्रति बैरल के पार गया. हालांकि कारोबार की समाप्ति तक यह टिका नहीं रहा और उस समय फिर फिसल कर 80 डॉलर के नीचे आ गया. शुक्रवार को अमेरिकी बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.44 डॉलर तेज हो कर 82.39 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ. डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 1.05 डॉलर बढ़ कर 79.35 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ.





