
जमशेदपुर : वृंदावन गार्डेन के निवासियों ने वृंदावन रेजिडेंट्स सोसायटी कमेटी पर जनता के धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है. इसके साथ ही उपायुक्त कार्यालय में एक ज्ञापन देकर इसकी शिकायत की है. ज्ञापन में बताया गया है कि वृंदावन गार्डन रेजिडेंट्स सोसाइटी में मनी लॉन्ड्रिंग का एक मामला हुआ है. स्थानीय निवासियों के द्वारा बिजली और पानी की आपूर्ति के बिलों का भुगतान सोसायटी कार्यालय को समय पर कर दिया है, लेकिन सोसायटी कार्यालय ने निर्धारित समय के भीतर जुस्को को राशि नहीं भेजी है. परिणामस्वरूप जुस्को ने बिजली कनेक्शन काट दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि जुस्को से पता चला है कि उनके 15 लाख रुपये बकाया हैं, जबकि निवासियों ने पहले ही सोसायटी की निर्वाचित समिति को राशि का भुगतान कर दिया है. इसके अलावा बिजली आपूर्ति फिर से शुरू करने के लिए समिति के सदस्यों ने एक निजी मनी लेंडर से पैसे उधार लिए हैं. निवासियों ने कहा है कि पिछले सात दिनों से वे सचिव, अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष सोसाइटी के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने का आग्रह कर रहे हैं, परन्तु वे कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं. उन्होंने इस मामले की जांच व कार्रवाई की मांग की है.





