
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत एनएच 33 स्थित बेलाजुड़ी के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर ने एक मवेशी और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में मवेशी और बाइक सवार की मौत हो गई जबकि एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना को अंजाम देने के बाद ट्रेलर चालक ट्रेलर को छोड़कर फरार हो गया. इधर स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया. मृतक की पहचान गम्हारिया निवासी 23 वर्षीय राहुल कवि के रूप में की गई जबकि घायल की पहचान राहुल सिन्हा के रूप में की गई. घायल की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है. घटना बुधवार दोपहर की है. पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है. जानकारी देते हुए एमजीएम थाना प्रभारी मिथलेश कुमार ने बताया कि बाइक सवार दोनो युवक ओडिसा से सड़क के रास्ते अपने घर वापस जा रहे थे. बेलाजुड़ी के पास ट्रेलर चालक के सामने एक मवेशी आ गई. मवेशी को बचाने में चालक ने ट्रेल को मोड़ा जिससे बाइक सवार ट्रेल की चपेट में आ गए.






