सरायकेला : सरायकेला जिले की फुटबॉल टीम धनबाद के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित सीनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप 2022- 23 में जामताड़ा को 3- 0 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गई है. अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के निर्देश पर झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित मान्यता प्राप्त सीनियर स्टेट मेन्स फुटबॉल चैंपियनशिप में सरायकेला-खरसावां जिले की टीम ने संजय सुंडी के गोल की बदौलत अच्छी शुरुआत की. फर्स्ट हाफ 40वें मिनट में चंद्रमोहन सोय ने एक शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी. मैच के 75वें मिनट में चंद्रमोहन सोय ने अपना दूसरा एवं टीम के लिए तीसरा गोल दाग कर अपनी टीम को शानदार जीत दिला दी. बता दें कि मंगलवार को खेले गए मैच में जामताड़ा ने देवघर को 9- 0 से पराजित कर न सिर्फ हलचल मचाई थी, बल्कि दूसरे राउंड में प्रवेश भी कर लिया था. जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा, जिला खेल पदाधिकारी राजेश कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष उमेश सिंहदेव, सचिव मोहम्मद दिलदार एवं पिनाकी रंजन ने टीम की इस जीत पर खुशी जाहिर की है. उन्होंने टीम के प्रशिक्षक बलराम महतो एवं मैनेजर विजय दिग्गी की भी सराहना की.



