चांडिल : सरायकेला खरसावां जिला के चांडिल थाना अंतर्गत आसनबनी गांव के कारोबारी दिलीप महतो के मंगलवार दोपहर करीब एक बजे के बाद से रहस्यमयी तरीके से गायब होने के बाद अबतक उनका सुराग नहीं मिला है. जिससे आक्रोशित परिजनों एवं दिलीप महतो के समर्थकों ने टाटा-रांची नेशनल हाइवे को हॉट माउंट व्यू के समीप दोनों तरफ से जाम कर दिया है. जिससे टाटा-रांची मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गए हैं. परिजन दिलीप महतो को ढूंढने में प्रशासनिक नाकामी बताते हुए यह जाम किया है. दिलीप महतो के गांव बीरीगोड़ा आसनबनी के समीप उनकी स्कॉर्पियो मिली है मगर उनका अता-पता नहीं चला है. उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिल रहा है. परिजन किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
फिलवक्त वे कपाली के तमोलिया स्थित आशियाना में रहते थे. उनका पैकर्स एंड मूवर्स का व्यवसाय है. ब्रह्मानंद अस्पताल में ट्रांसपोटिंग का ठेका चलता है. साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर उनकी क्षेत्र में पहचान है. राजनीतिक दल से भी वे जुड़े हुए बताए जाते हैं. पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने आजसू के लिए काम किया था. वे दो बार जिला परिषद का चुनाव लड़ चुके हैं दोनों बार दूसरे स्थान पर रहे थे. वे हाइवे वेलफेयर सेफ्टी के अध्यक्ष भी हैं. उनके रहस्यमयी तरीके से गायब होने से तरह- तरह की अफवाहों का बाजार गर्म है.



