जमशेदपुर : बिरसानगर ज्ञानदीप विद्यालय में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग व जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से झारखंड अधिविद्य परिषद् द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक व इंटरमीडिएट परीक्षा, 2022 में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं 90% से अधिक रिजल्ट वाले विद्यालयों के प्राचार्यों को सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

दीप प्रज्वलन एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किये जाने के साथ आरंभ कार्यक्रम में झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद ताहिर हुसैन ने जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला कुमारी बरेलिया व अवर प्रमंडल शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडे को पौधा प्रदान कर सम्मानित किया. इस अवसर पर झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद ताहिर हुसैन ने जिला शिक्षा विभाग की ओर से जिले में आयोजित इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया. जिले में इससे पूर्व कभी ऐसे कार्यक्रम नहीं हुए. इस कार्यक्रम से बच्चों के साथ-साथ स्कूलों का भी उत्साह वर्धन होता है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि इससे विद्यालयों में भी उत्साह की वृद्धि होगी एवं आगामी 2023 की माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में इसका परिणाम देखने को मिलेगा और निश्चित रूप से पूर्वी सिंहभूम जिले का स्थान राज्य में प्रथम आयेगा. ताहिर हुसैन ने जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा स्थापना अनुमति प्राप्त विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को सम्मानित किये जाने के लिए आभार भी जताया. समारोह को अवर प्रमंडल शिक्षा पदाधिकारी आशीष कुमार पांडे ने भी संबोधित किया. जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला कुमारी बरेलिया ने अपने संबोधन में कहा कि उनके लिए उनके अधीन आने वाले सभी विद्यालय समान हैं, परंतु विभागीय बंदिशों के कारण अनुमति प्राप्त उच्च विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को सभी प्रकार की सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं दिया जा सकता. हालांकि, उन्होंने कहा, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना एवं नवोदय विद्यालय में नामांकन का लाभ इन विद्यालयों को दिया गया. उन्होंने आगे भी ऐसा प्रयास करने का आश्वासन दिया जिससे इन विद्यालयों व महाविद्यालयों को सरकारी योजनाओं का लाभ मलता रहे. इस समारोह में डीईओ ऑफिस के कर्मियों के साथ ही ज्ञानदीप स्कूल की प्राचार्या व शिक्षिकाएं भी उपस्थित थे. गैर सरकारी विद्यालय संघ की टीम रफत आरा, मिथिलेश प्रसाद श्रीवास्तव, डॉ अफरोज शकील, शमा परवीन, सना आफरीन, उदय शंकर पाठक, अमर सिंह आदि ने अहम भूमिका निभाई. कार्यक्रम में टाटा स्टील फाउंडेशन की शिक्षा इकाई ने भी सहयोग प्रदान किया. इस अवसर पर जिले के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं 40 से अधिक विद्यालयों के प्राचार्यों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.




