जमशेदपुर : जमशेदपुर रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से आगामी 17 जनवरी को टीबी मरीजों को पोषण सहायता वितरित की जायेगी. प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चयनित टीबी मरीजों को हर माह उपलब्ध कराई जानेवाली यह पोषण सहायता डीसी ऑफिस रोड स्थित रेड क्रॉस भवन में अपराह्न 2 बजे से वितरित की जायेगी. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के चयनित टीबी मरीजों को रेड क्रॉस के सहयोग से हर माह पोषण सहायता उपलब्ध कराई जाती है. 13 से 16 जनवरी तक छुट्टी घोषित होने के कारण इस माह 17 जनवरी को पोषण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों को पोषण सहयोग के लिए समाजसेवी महेश अग्रवाल, दिलीप गोयल, विकास सिंह, विजय कुमार सिंह, मारवाड़ी महिला मंच, पूर्वी घोष निक्षय मित्र के रूप में अपना नियमित सहयोग रेड क्रॉस को प्रदान कर रहे हैं. पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव बिजय कुमार सिंह ने सभी निक्षय मित्रों से आगामी 17 जनवरी को दोपहर 2 बजे रेड क्रॉस भवन में टीबी मरीजों को दिये जाने वाले पोषण सहयोग कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है. उन्होंने टीबी मरीजो से भी ससमय अपनी पोषण सामग्री लेकर उसका उपयोग करने का आग्रह किया है. पोषण सहायता में टीबी मरीजों को एक महीने के लिए पौष्टिक कच्ची भोजन सामग्री के साथ एक महीने की विटामिन की खुराक भी प्रदान की जाती है, ताकि मरीज दवा को खाने के बाद उसके प्रभाव को शरीर में उपयोगी बनाने के लिए आवश्यक पौष्टिक खुराक भी ले सके.




