जमशेदपुर : जमशेदपुर साकची के रहने वाले निरंजन प्रसाद के 12 वर्षीय पुत्र हर्षिल दक्ष ने शनिवार को रांची के एक्वाटिक स्टेडियम में चल रही झारखंड स्टेट स्विमिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता है. हर्षिल ने 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक के जूनियर वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की. सबसे खास बात यह है कि हर्षिल ने सरायकेला के तालाब में स्विमिंग की ट्रेनिंग ली है. हर्षिल बिष्टुपुर के डीएवी पब्लिक स्कूल की कक्षा 6 का विद्यार्थी है. बताते चले कि इससे पहले हर्षिल जेआरडी में ट्रेनिंग ले रहा था और पिछले साल चैंपियनशिप में भाग लेने सरायकेला गया था. इसी दौरान उसके पिता की मुलाकात कोच सुदामा सिंहदेव से हुई, जो सरायकेला के एक तालाब में बच्चों को स्विमिंग की ट्रेनिंग देते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
समय की कमी और हर्षिल के स्कूल की टाइमिंग के कारण पिता ने हर्षिल को सुदामा सिंहदेव से ट्रेनिंग दिलाने का फैसला किया. हर शनिवार और रविवार को हर्षिल के पिता उसे स्कूटी से सरायकेला ले जाते थे, जहां हर्षिल 2 घंटे की ट्रेनिंग करता. बतौर निरंजन हर्षिल पिछले 6 महीने से सुदामा सिंहदेव की देखरेख में ट्रेनिंग ले रहा है. हर्षिल की उपलब्धि पर सरायकेला खरसावां जिला स्विमिंग एसोसिएशन की पूरी टीम ने उसे बधाई दी है. साथ ही उसकी उपलब्धि से हर्षिल के घर एवं स्कूल में भी खुशी का माहौल है.



