जमशेदपुर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जमशेदपुर महानगर शाखा ने विद्यार्थी परिषद के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में संगोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया. इसमें जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं. विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, नगर अध्यक्ष डॉ मौसमी पॉल एवं अमन ठाकुर ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ कराया. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्य अतिथि डॉ अंजिला गुप्ता ने परिषद के कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय छात्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाविद्यालय में छात्रों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी ग्रहण करने चाहिएं. शिक्षा परिसर से लेकर देश की सीमाओं तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्य सरहानीय हैं. विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार और स्वावलंबन प्रदान करने में एबीवीपी की महत्वपूर्ण भूमिका है.(नीचे भी पढ़ें)

परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि स्थापना काल से ही संगठन ने छात्रों के साथ-साथ राष्ट्रहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों को न सिर्फ उठाया बल्कि उसे लेकर प्रभावी देशव्यापी आंदोलन भी किये हैं. चाहे बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा हो या कश्मीर से धारा 370 हटाने की मांग, विद्यार्थी परिषद समय-समय पर आंदोलन करता रहा है. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश को “तीन बीघा” भूमि देने के विरुद्ध परिषद ने ऐतिहासिक सत्याग्रह किया था.(नीचे भी पढ़ें)

अखिल भारतीय जनजातीय कार्य प्रमुख प्रमोद रावत ने कहा कि परिषद 365 दिन प्रत्येक कैंपस में छात्र हित के लिए कार्य राष्ट्र पुनर्निमाण के उद्देश्य से करती है. ज्ञान, शील, एकता जैसे ध्येय वाक्यों के साथ परिषद निरन्तर कार्य कर रही है. उन्होंने बताया कि परिषद का स्थापना दिवस हर वर्ष विद्यार्थी दिवस के रूप में मनाया जाता है. इस अवसर पर विधायक सरयू राय, कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, अखिल भारतीय जनजातीय कार्य सह प्रमुख प्रमोद रावत, डॉ कमलेश कुमार कमलेंदु, डॉ मौसमी पॉल, अमन ठाकुर, मनोज सिंह, राजकुमार सिंह, बापन घोष, सिद्धार्थ बागी, गौरव साहू, सौरभ शुक्ला, प्रियांशु राज, अभिषेक कुमार, सौरभ पाठक, यश अग्रहरि, शुभम राज आदि परिषद् के पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ता उपस्थित रहे.



