जमशेदपुर : मानगो के बालीगुमा स्थित अपनी जमीन की दखल दिहानी की मांग पर शनिवार को आत्मदाह करने डीसी ऑफिस पहुंचे बहादुर टुडू ने वहां तैनात दंडाधिकारी के आश्वासन के बाद आत्मदाह का फैसला स्थगित कर दिया. दंडाधिकारी ने बहादुर टुडू को उनकी जमीन पर शीघ्र कब्जा दिलाने के प्रति आश्वस्त किया. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
मालूम हो कि कदमा के शास्त्री नगर निवासी बहादुर टुडू को कमिश्नर कोर्ट से आदेश मिलने के बाद भी उनकी करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर कब्जा नहीं मिल रहा था. मानगो के बालीगुमा में बहादुर टुडू की करीब डेढ़ एकड़ जमीन है, जिसका मुकदमा वे जीत चुके हैं, किन्तु उन्हें अपनी जमीन पर कब्जा नहीं मिल रहा था. इसको लेकर बहादुर टुडू ने विगत 5 जुलाई को डीसी ऑफिस में ऐलान किया था कि कब्जा नहीं मिलने पर वे डीसी ऑफिस में आकर आत्मदाह करेंगे.(नीचे भी पढ़ें)
शनिवार को बहादुर टुडू डीसी ऑफिस पहुंचे तो वहां मजिस्ट्रेट भी पहुंच गईं जिन्होंने उनको आश्वासन दिया कि उनको जमीन पर जल्द कब्जा दिला दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि उनकी मानगो के सीओ से इस संबंध में बात हो चुकी है. उन्होंने बताया कि दखल दिहानी के परवाने का कागज फट गया था, जिसके कारण उन्हें उनकी जमीन पर कब्जा दिलाने का काम अटका हुआ था. अब उन्हें जल्द कब्जा मिल जाएगा. दंडाधिकारी के आश्वासन के बाद बहादुर टुडू ने आत्मदाह करने का फैसला फिलहाल स्थगित कर दिया है.



