
देवघर : देवघर का श्रावणी मेला इस बार कई मायने कुछ खास है. इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम जिला प्रशासन द्वारा किये गये हैं. इसी कड़ी में मेला के दौरान श्रद्धालुओं को मुक्कमल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बाईक एम्बुलेंस की व्यवस्था की गयी है. इसके अलावे उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री द्वारा जानकारी दी गयी कि समय पर त्वरित गति से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बाईक एम्बुलेंस एवं टोटो एम्बुलेंस चलायी जायेगी. इसकी सहायता से तत्काल प्राथमिक उपचार मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को दी जा सकेंगी. (नीचे भी पढ़ें)

बाइक एम्बुलेंस और टोटो एम्बुलेंस से कांवरिया पथ और कुमैठा रुट लाइन में भी स्वास्थ्य सुविधा श्रद्धालुओं को बड़ी आसानी से दी जा सकेगी. इसके अलावे सकरी गली और छोटे जगहों पर जहां बड़े एम्बुलेंस नहीं पहुंच सकते वहां तुरंत बाईक एम्बुलेंस पहुंच सकेगी. राजकीय श्रावणी मेला के दौरान देश-विदेश से श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ को जलार्पण करने देवघर पहुंचते हैं. ऐसे में श्रद्धालुओं को समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं मिले, इसको लेकर जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण व्यवस्था की गयी है. इन बाईक एम्बुलेंसों और टोटो एम्बुलेंस में घायलों के आराम करने के साथ-साथ चिकित्सा कीट और पारा मैडिकल कर्मी भी उपस्थित रहेंगे.



