चाकुलिया: चाकुलिया थाना क्षेत्र के चाकुलिया- माटिहाना मुख्य सड़क पर चौठिया और दीघी के बीच मंगलवार की सुबह बांस से लदे ट्रक संख्या जेएच 05 एबी 4085 ने बाइक को रौंद दिया. इससे लोधाशोली गांव के निवासी प्रमोद गोप की मौत हो गयी थी. आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग को लेकर सुबह 10 बजे सड़क को जाम कर दिया था. जाम स्थल पर विधायक समीर कुमार महंती, झामुमो नेता आदित्य प्रधान, मुखिया शिवचरण हांसदा, राम मुर्मू पहुंचे.(नीचे भी पढ़े)
अंचल अधिकारी जयवंती देवगम, प्रखंड विकास पदाधिकारी देवलाल उरांव, थाना प्रभारी वरुण कुमार यादव जाम स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया,परंतु ग्रामीण मुआवजा की मांग पर अड़े रहे. उसके बाद विधायक समीर महंती, पदाधिकारी, मृतक के परिजन और ट्रक मालिक के बीच वार्ता हुई. ट्रक मालिक द्वारा 8 लाख मुआवजा देने पर सहमति बनी. इसके बाद ग्रामीण सड़क को जाम से मुक्त करने पर राजी हुए.




