चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की लोधाशोली पंचायत के लोधाशोली गांव समेत पंचायत के हर गांव मे इन दिनों ग्रामीण खुजली की बीमारी से परेशान हैं. ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों संभवत: एक वायरस फैला हुआ है. खुजली जैसी बीमारी से निजात पाने के लिए लोग प्रतिदिन पंचायत के उपस्वास्थ केन्द्र का चक्कर लगा रहे हैं. उप स्वास्थ्य केन्द्र मे खुजली की दवा उपलब्ध नहीं है, जिससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों ने बताया कि वे सभी उप स्वास्थ्य केंद्र मे खुजली की दवा लेने जा रहे हैं, तो एएनएम शिप्रा दास द्वारा कहा जाता है कि उप स्वास्थ्य केंद्र मे खुजली की दवा नहीं है, वह पुर्जा पर दवा का नाम लिख कर बाजार से खरीदने की सलाह दे रही हैं. खुजली बीमारी से ग्रसित लोगों का कहना है कि बदन में खुजली होने पर गोल-गोल दाद की तरह निकल रहा है और खुजली होने लगती है. लोगों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पहल नहीं की गया तो खुजली की बीमारी और तेजी से फैलने की आशंका है.



