
जमशेदपुर : टाटा सटील के शत-प्रतिशत सब्सिडयरी वाली कंपनी जुस्को में बोनस समझौता मंगलवार को संपन्न हो गया. इस समझौता के तहत कर्मचारियों को पूर्व के फार्मूला के तहत कुल 6 करोड़ 79 लाख रुपये बोनस मिलना था. लेकिन यूनियन के आग्रह पर स्वच्छता अभियान में बेहतर काम करने के एवज में यह राशि बढ़कर बोनस मद में 6 करोड़ 95 लाख रुपये तय कर दिया गया. वैसे तो फीसदी के आधार पर बोनस नहीं हुआ है, लेकिन अनुमान के मुताबिक, कुल 17.45 फीसदी बोनस मिला है. इसके तहत अधिकतम करीब 2 लाख 40 हजार रुपये जबकि न्यूनतम 17 हजार रुपये बतौर बोनस मिलेगा. इसके साथ ही नया फार्मूला अगले साल यानी वर्ष 2020 को मिलने वाले 2019-2020 का फार्मूला भी तय कर दिया गया है.

समझौता पर जुस्को के एमडी तरुण डागा और यूनियन की ओर से अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, महासचिव वीडी गोपाल कृष्णा समेत अन्य पदाधिकारियों ने किया. समझौता के तहत कर्मचारियों को बैंक एकाउंट में पैसा 26 सितंबर तक चला जायेगा. कुल 778 कर्मचारियों के बीच बोनस की राशि बंटेगी, जिसमें टाटा स्टील से आने वाले कर्मचारियों की संख्या 450 के करीब है जबकि नये बहाल जुस्को के कर्मचारी की संख्या 328 है. बोनस के मद में कर्मचारियों को काफी लाभ हुआ है.



