गालूडीह : बड़ाखूर्शी पंचायत की घुटिया सबर बस्ती में सोमवार को शिविर लगाकर सबर आदिम जनजाति के लोगों का आधार कार्ड बनाया गया. शिविर में 14 सबरों का आधार अपडेट किया गया और पांच बच्चों का नया आधार कार्ड बनाया गया. पंचायत सचिव मानस पाल ने बताया कि बस्ती के जिन बच्चों के पास आधार कार्ड नहीं है, उन बच्चों का जल्द ही जन्म प्रमाणपत्र निर्गत कर आधार कार्ड बना दिया जायेगा. मालूम हो कि घुटिया सबर बस्ती में कई बच्चों के पास आधार कार्ड नहीं है, जिनमें से पांच बच्चों का आज आधार कार्ड बनाया गया. आधार कार्ड नहीं रहने के कारण बच्चे विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित हैं.




