जमशेदपुर : मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल परिसर में जल्द ही एक दस बेड का कैदी वार्ड स्थापित किया जाएगा. शुक्रवार को इस संबंध में जेल अधीक्षक अजय कुमार प्रजापति, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास, अस्पताल अधीक्षक डॉ आरके मंधान, उपाधीक्षक डॉ नकुल चौधरी और झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से स्थान का चयन कर कार्य योजना बनाई. निर्णय लिया गया कि कैदी वार्ड अस्पताल के सातवें तल्ले में स्थित मनोरोग विभाग के वार्ड में स्थापित किया जाएगा. इस नए कैदी वार्ड के दो अलग-अलग रूम होंगे. पहले रूम में कुल दस बेड की व्यवस्था की जाएगी, जहां कैदियों को रखा जाएगा. वहीं, दूसरे रूम में गार्ड के रहने की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जा सके. इस प्रक्रिया में विशेष ध्यान दिया गया कि कैदियों का इलाज तथा मनोवैज्ञानिक सहायता नियमित रूप से दी जा सके. बैठक में वार्ड खोलने से जुड़ी विभिन्न जरूरी तैयारियों पर भी विचार-विमर्श हुआ. निरीक्षण के दौरान वार्ड में स्थित पास के शौचालय की दीवार में सुधार की आवश्यकता पाई गई. इसके अलावा, खिड़कियों में ग्रिल लगाने और गेट को ठीक करने का निर्देश तत्काल क्रियान्वयन हेतु झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम को दिया गया. सुरक्षा और मानवीय दृष्टिकोण, दोनों को ध्यान में रखते हुए वार्ड के सभी जरूरी मानकों का पालन किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
सभी अधिकारियों ने इस कैदी वार्ड के लिए एक विस्तृत नक्शा तैयार करने के निर्देश दिए हैं. यह नक्शा जल्द से जल्द विभाग से स्वीकृति हेतु प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि प्राक्कलन तैयार कर निर्माण कार्य की शुरुआत की जा सके. अधिकारी यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि यह वार्ड स्वास्थ्य, सुरक्षा और प्रशासनिक मानकों के अनुरूप हो ताकि कैदियों के साथ-साथ अस्पताल के अन्य मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा भी बनी रहे. इस महत्वपूर्ण कदम से एमजीएम अस्पताल परिसर में बेहतर व्यवस्था का निर्माण होगा, जिससे जेल व स्वास्थ्य विभाग के मध्य समन्वय भी सशक्त होगा.



