जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के बिरसानगर तीन नंबर जोन में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है. अज्ञात चोरों ने कारोबारी रिंकू प्रसाद के गोदाम को निशाना बनाते हुए आटा, दाल, चावल, तेल समेत अन्य किराना सामान चोरी कर लिया. चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोदाम का निरीक्षण किया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़ित कारोबारी रिंकू प्रसाद ने बताया कि 25 जनवरी की रात वह अपने गोदाम पर पहुंचे थे. उस दौरान उन्होंने देखा कि गोदाम का ताला टूटा हुआ है. उन्होंने चाबी लगाकर ताला खोलने की कोशिश की, लेकिन ताला नहीं खुला. काफी हिलाने-डुलाने के बाद किसी तरह ताला खुल गया. अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि सामान कुछ हद तक बिखरा हुआ था, जिससे उन्हें चोरी की आशंका हुई. हालांकि, उस समय उन्होंने इस पर विशेष ध्यान नहीं दिया और ताला बदलकर अपनी दुकान चले गए. रिंकू प्रसाद की किराने की दुकान बारीडीह इलाके में स्थित है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि 28 जनवरी की सुबह जब वह दोबारा गोदाम पहुंचे तो देखा कि गोदाम का ताला पूरी तरह टूटा हुआ है और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा है. इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई, जिसमें 26 जनवरी की रात करीब 12 बजकर 14 मिनट पर एक चोर को गोदाम का ताला तोड़कर अंदर घुसते हुए देखा गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी मिलने के बाद बिरसानगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है. पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने जल्द ही आरोपी को पकड़ने का भरोसा दिलाया है.




