जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना अंतर्गत हुरलुंग इलाके में गुरुवार रात अवैध हब्बा-डब्बा खेल के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. घटना के दौरान हवाई फायरिंग किए जाने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, जिससे कुछ ही देर में पूरा मैदान खाली हो गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार हुरलुंग पंचायत भवन के पास गुरुवार को साप्ताहिक हाट बाजार लगा था. इसी हाट बाजार में खुलेआम अवैध हब्बा-डब्बा का खेल चल रहा था. आरोप है कि इसी दौरान नशे में धुत एक युवक वहां पहुंचा और खेल के संचालकों से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर युवक मौके से चला गया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह ट्रैक्टर लेकर वापस लौटा. आरोप है कि युवक ने ट्रैक्टर से बाजार में खड़ी तीन मोटरसाइकिलों को रौंद दिया, जिससे बाजार में भगदड़ मच गई. लोग जान बचाकर भागने लगे. इसी दौरान युवक द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की भी बात सामने आ रही है. (नीचे भी पढ़ें)
फायरिंग की आवाज सुनते ही वहां मौजूद लोग और दुकानदार दहशत में आ गए और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. हालांकि इस मामले में जब बिरसानगर थाना प्रभारी से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. अवैध जुए और फायरिंग की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.




